PMG News Chandigarh
हरियाणा में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शनिवार को 14 नए केस आए। फरीदाबाद में 8, जींद में 3, भिवानी में 2, करनाल में 1 नए मरीज मिले हैं। वहीं 12 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली है। अब तक कुल 718 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। शनिवार को गुड़गांव से 9, फतेहाबाद से 2 और झज्जर से 1 मरीज ठीक हुआ।
भिवानी में दो नए केस, हरियाणा पुलिस का जवान भी संक्रमित
भिवानी में शनिवार को 2 पॉजिटिव केस आए। इनमें गुड़गांव से आई एक महिला और तिगड़ाना गांव निवासी हरियाणा पुलिस का जवान शामिल है, जो गुड़गांव में ड्यूटी दे रहा था। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोरोना संक्रमित महिला और उसके संपर्क के लोगों को आईसोलेट कर दिया है और पुलिस जवान के परिजनों को घर पर क्वारैंटाइन कर दोनों गांवों में नाकेबांदी कर दी गई है।
पॉजिटिव मिली 51 वर्षीय महिला गुड़गांव के खांडसा गांव से भिवानी के रेवाड़ी खेड़ा गांव में अपनी बेटी से मिलने आई हुई थी। वहीं तिगड़ाना निवासी 27 वर्षीय युवक हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल है और फिलहाल गुड़गांव के डीएलएफ फेस-2 में तैनात है। कोरोना संक्रमित महिला व उसके संपर्क के 7 लोगों को चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में आईसोलेट किया गया है।
….शनिवार को फरीदाबाद में 8 नए केस आए
फरीदाबाद में कोरोना के 8 पॉजिटिव मामले के बाद यहां संक्रमितों की संख्या 193 हो गई है। शनिवार के आठ पॉजिटिव में तीन लोग एक ही परिवार के बताए गए हैं। अभी शाम की रिपोर्ट आनी बाकी है। सूत्रों का कहना है कि घोषित संख्या से कहीं ज्यादा पॉजिटिव शनिवार को आने वाले हैं। पॉजिटिव का आंकड़ा 200 पार जा सकता है।