PMG News Sirsa
दिल्ली में उपचाराधीन कोरोना पॉजिटिव महिला को ऑपरेशन के बाद डिस्चार्ज कर दिया है। महिला के परिजन अब उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में भर्ती करवाएंगे। शुक्रवार शाम को वे महिला को लेकर दिल्ली से अग्रोहा के लिए रवाना हो गए।
दिल्ली के बीएलके सुपरस्पेशलिस्ट अस्पताल में उपचाधीन भादरा बाजार निवासी महिला के आप्रेशन के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। परिजन उसे अपने घर में नहीं ला सकते थे, इसलिए सिरसा में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया। विभागीय अधिकारियों ने परिजनों को पीजीआइ रोहतक में उपचार करवाने की सलाह दी। परंतु बाद में परिजनों के आग्रह करने पर उन्हें अग्रोहा मेडिकल में उपचार करवाने तथा वहां महिला का दोबारा कोविड टेस्ट करवाने को कहा। परिजन शुक्रवार देर शाम को दिल्ली से रवाना हुए।
महिला से जुड़े 77 लोगों के सैंपल की नहीं आई रिपोर्ट
भादरा बाजार में पॉजिटिव पाई गई महिला से जुड़े 77 लोगों के सैंपलों की रिपोर्ट शुक्रवार तक नहीं आई। शुक्रवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की आठ टीमें कंटेनमेंट जोन में सर्वे करने पहुंची। टीम ने 139 घरों में रह रहे 679 लोगों की स्क्रीनिग की गई, कोई भी फ्लू आशंकित मरीज नहीं मिला है। गलियों की नाकेबंदी कर पुलिस कर्मी तैनात कर दिये गए और वहां से किसी को भी बाहर जाने या अंदर आने की इजाजत नही होगी। दमकल विभाग की टीम ने गलियों को सैनिटाइज किया।
सिविल सर्जन सिरसा डा. सुरेंद्र नैन ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव महिला को दिल्ली अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया है। महिला को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया जाएगा साथ ही कोविड के सैंपल भी दोबारा लिये जाएंगे। शुक्रवार तक महिला से जुड़े 77 लोगों के सैंपलों की रिपोर्ट नहीं आई है।