PMG News Yamunanagar
लॉकडाउन में घरों में रह रहे बच्चों की प्रतियोगी परीक्षा में बने रहे रुचि, इसके लिए शिक्षा विभाग कक्षा नौ से 12वीं तक के बच्चों के लिए विज्ञान और गणित की ऑनलाइन साप्ताहिक क्विज कराएगा। इससे पहले बच्चों को इसके लिए तैयारी भी कराई जाएगी। जिस तरह ऑनलाइन पढ़ाई कराई जा रही है, इसी तरह से बच्चों को तैयार किया जाएगा। 23 मई को क्विज प्रतियोगिता होगी। बच्चों को पढ़ाने के लिए शिक्षकों ने वाट्सएप ग्रुप बनाए हुए हैं। इन ग्रुप के अंदर ही बच्चों को रोजाना होमवर्क दिया जाता है। टीचरों ने सक्षम वाट्सएप ग्रुप बनाए हैं। इस पर पढ़ाई सामग्री और कार्य पत्र रोजाना अपलोड होंगे।
टीचर अपलोड करेंगे रोजाना सवाल व जवाब| शिक्षा विभाग के निर्देशों पर घर बैठे बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। इसके लिए ऑनलाइन पढ़ाई के तरीके को अपनाया गया है। क्विज प्रतियोगिता के लिए विज्ञान और गणित के विषय से जुड़े सवाल व इनके जवाब अपलोड किए जाएंगे। इसके लिए 18 से 22 तक का समय तय किया गया है। नियमित रूप से सामग्री जो डाली जाएगी, उसे बच्चे पढ़ेंगे। अगर उनको फिर भी कोई जिज्ञासा है तो वह उसको उसी ग्रुप में सवाल डालकर जवाब ले सकेंगे। इस विषय से जुड़े सभी अध्यापक इसमें रुचि दिखाएं। ये निर्देश भी शिक्षा विभाग की ओर से जारी हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन क्विज में विजयी रहने वाले प्रतिभागियों को जिला, खंड स्तर पर सम्मानित किया जाएगा