PMG News Kurukshetra
VIjay Haryanvi
कुरुक्षेत्र की एक कॉलोनी में किराए पर रह रही एक 12 वर्षिय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। रिश्ते को कलंकित कर मामा द्वारा घर में घुसकर मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म किया गया है। पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी के आदेश पर महिला थाना प्रभारी सुनीता रावत ने आरोपी के खिलाफ धारा 376एबी, 6/10 पोस्को, 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक इस आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश निवासी महिला अपने पति व बच्चों के साथ पिछले काफी समय से कुरुक्षेत्र की कॉलोनी में आकर एक किराए के मकान में रह रहे हैं। उसके दो पुत्र, जिनमें एक 20 साल, दूसरा 15 साल, जबकि दो पुत्रियां जिनमें एक 12 वर्षीय व दूसरी डेढ़ साल की है। पति व दो पुत्र मेहनत मजदूरी के लिए घर से बाहर जाते हैं और वह भी घरों में साफ-सफाई के लिए जाती है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसके मामा का पुत्र महिंद्र निवासी बदायूं उत्तरप्रदेश विवाहित है। यह भी अपने बच्चों सहित कॉलोनी में उनके घर से कुछ दूरी पर रह रहा है। 7 मई को सुबह घर से पति व पुत्रों के जाने के बाद वह भी कामकाज के लिए घर से चली गई थी। घर में उसकी 12 वर्षीय नाबालिग पुत्री अपनी छोटी डेढ़ वर्षीय बहन को संभाल रही थी।
जब वह बीच काम के बीच में अपनी छोटी बेटी को दूध पिलाने के लिए घर आई तो देखा कि उसकी डेढ़ वर्षीय बेटी अलग है, जबकि 12 वर्षीय बेटी को महिंद्र जो कि बेटी का मामा लगता है, उसे दूसरे कमरे में ले जाकर उससे दुष्कर्म करने का प्रयास कर रहा था। वह उसे देख मौके से फरार हो गया। महिला के मुताबिक उसकी नाबालिग बेटी ने बताया कि महिंद्र ने उसके साथ डेढ़ वर्ष पहले दुष्कर्म किया था। इस बारे में किसी को बताने पर उसे व परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी थी।